झूठे मामले में फंसाने की धमकी, एसपी ने दो आरक्षकों को किया लाइन अटैच
दुर्ग- जिले के एंटी क्राइम एण्ड सायबर यूनिट (एसीसीयू) के दो आरक्षकों को एसपी जितेंद्र शुक्ला ने लाइन अटैच कर दिया है. दोनों आरक्षकों पर चाय दुकान संचालक के दो भाईयों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है. शिकायत मिलने पर एसपी ने तत्काल एक्श्न लिया है. जानकारी के अनुसार पॉलीटेक्निक कॉलेज के सामने चाय दुकान वाले डोमेंद्र देवांगन ने एसपी जितेंद्र शुक्ला के पास शिकायत की. उसने शिकायत करते हुए कहा कि एसीसीयू में पदस्थ दो आरक्षक खुर्शीद बख्श खुर्रम और जगजीत सिंह जग्गा उन्हे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे है. डोमेंद्र देवांगन ने बीते दिनों उसकी चाय दुकान में हुए मारपीट और लूट की वारदात को लेकर भी संदेह जताया है.
प्राथी डोमेंद्र ने आरोप लगाया है कि जगजीत सिंह जग्गा के इशारे पर ही सैफ ईरानी ने उसकी दुकान में वारदात को अंजाम दिया. आरोपी सैफ ने अपने दो साथियों के साथ उसके दुकान में आकर उसके भाई को धमकाया और करीब 45 हजार रुपये किसी के खाते में ट्रांसफर करवाए. फिर उसका मोबाइल को भी लूटकर वहां से फरार हो गए. शिकायतकर्ता डोमेंद्र ने शिकायत में बताया कि एक और मामले में आरक्षक खुर्शीद बख्श खुर्रम और जगजीत सिंह जग्गा ने उसे और उसके भाई को फंसाने की बात कही थी. इस मामले में एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि दोनों आरक्षकों के खिलाफ शिकायत आई थी, जिस पर दोनों को तत्काल लाईन अटैच कर दिया गया है. मामले में जांच नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी को सौंपी गई है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बयान ले रहे है फिर जांच रिपोर्ट देंगे. सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि बयान दर्ज किए जा रहे है. जांच में जो भी बात निकलकर सामने आयेगी उसके आधार पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट सौंपी जाएगी.
