रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशीली दवाइयों की कारोबारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. बीते दिनों रायपुर के पंडरी पुराना बस स्टैंड के पास अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन बेचने के फिराक में ग्राहक तलाशते आरोपी मोहम्मद अहमद (22), निवासी संजय नगर और डोमार उर्फ पिंटू (24), निवासी संजय नगर को गिरफ्तार किया गया. दोनों के कब्जे से कुल 120 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन कीमती लगभग 25 हजार रुपये जब्त कर कार्रवाई की गई.
प्रकरण में विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन की सप्लाई चैन के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने सिरप को नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी कमलेश उपाध्याय नामक व्यक्ति से लेना बताया. इस दौरान पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस नागपुर पहुंचकर आरोपी की पतासाजी कर आरोपी कमलेश उपाध्याय के घर में छापा मारी की. आरोपी को पकड़कर पूछताछ करने पर उसने सिरप को मांग के आधार पर रायपुर सहित अन्य कई राज्यों में सप्लाई करना बताया गया. उसके घर की तलाशी लेने पर अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन का भंडार करना पाया गया.
साढ़े पांच लाख रुपये की कोडिन जब्त
आरोपी कमलेश उपाध्याय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 पेटी कुल 2760 नग प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन जब्त किया गया. इसकी कीमती लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है. आरोपी का ट्रांजिट रिमांड लेकर रायपुर लाकर कार्रवाई किया गया.
रायपुर में नशीली दवाई बेचने वाले आरोपी गिरफ्तार
दूसरी ओर चौकी रामनगर क्षेत्रांतर्गत सामुदायिक भवन के पास अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पासमो बिक्री करते आरोपी सलमान शाह (28), निवासी पारस नगर मस्जिद के पास थाना गंज जिला रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 240 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पासमो कीमती 2 हजार 290 रुपये जब्त किया गया था. उसके खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध धारा 20/24 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी का पुलिस रिमांड लिया गया था.
