कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां पर रविवार की रात बीजेपी नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी. असीम राय देर शाम पखांजूर के पुराना बाजार चौक स्थित एक दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चला दी. गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं. सिर पर गोली लगने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. बता दें कि असीम राय भाजपा के जिला उपाध्यक्ष थे. इससे पहले वे पखांजूर नगर पंचायत के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष की हत्या को लेकर पूर्व विधायक मंतूराम पवार और भाजपा पूर्व विधायक भोजराज नाग के नेतृत्व में भाजपाई धरने पर बैठ गए हैं और आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं. साथ ही कांग्रेस नेता के घर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हत्या का आरोप लगाते हुए पत्थरबाजी की है.
भाजपा नेता की हत्या पर आक्रोश जताते हुए पूर्व विधायक मंतूराम पवार ने कहा कि, जब तक आरोपी गिरफ्तार नही होंगे तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा. आरोपियों को पकड़कर फांसी की सजा देनी चाहिए. वहीं इस मामले पर अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने भाजपा नेता आशिम राय की हत्या राजनीतिक साजिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि, हमनें गृहमंत्री विजय शर्मा को फोन पर मामले की जानकारी दी है उन्होंने कहा है कि, जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
दीपक बैज ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशना साधा है. छत्तीसगढ़ में बढ़ती अपराध की घटनाओं पर पीसीसी चीफ ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था चरमरा गई है. अपराध बढ़ रहे हैं. पखांजूर में हत्या हुई. रायपुर में हत्याएं हो रही है. छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है. कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है. बीजेपी के अपने नेता सुरक्षित नहीं हैं. बीजेपी पहले इसे टारगेट किलिंग कहती थी तो अभी कौन सा किलिंग है? कांग्रेस इस पर जरूर मंथन करेगी और उग्र आंदोलन भी करेगी.
