बरसाती सीजन में मिलने वाली जंगली मशरूम खाने से एक दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं. जशपुर जिले के अंतगर्त चलनी गांव में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों ने जंगली मशरूम की सब्जी खाई थी, जिसके बाद एक-एक कर लोगों की हालत बिगड़ने लगी. इनमें से 2 महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम चलनी में दशकर्म कार्यक्रम हो रहा था, जिसमें शामिल होने के लिए लोग पहुंचे थे. यहां जंगली मशरूम की सब्जी बनाई गई थी, जिसे खाने के बाद लगभग 15 लोग बीमार पड़ गए. सभी को चक्कर, उल्टी और दस्त होने लगा. इसके बाद सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना में भर्ती कराया गया.
बीमार लोगों में से 2 महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है. इधर सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ एक डॉक्टर अर्जुन ध्रुव के साथ महज दो स्टाफ ही मौजूद हैं, जिनमें रीना भगत आरएचओ और महेंद्र पलामी सफाई कर्मी हैं. फिलहाल सभी मरीजों को प्राथमिक इलाज दिया गया है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अर्जुन ध्रुव ने बताया कि जंगलों में उगने वाला मशरूम जहरीला होता है. सभी मशरूम इंसानों के खाने योग्य नहीं होते. इसी मशरूम को खाकर लोग बीमार हुए हैं. उन्होंने बताया कि अब तक 15 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
