May 17, 2026

Blog


बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची

विवाहित प्रेमी लोकनाथ सक्ती से गिरफ्तार

रायगढ़- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है. पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया (लैलूंगा) के रूप में हुई है. उसकी हत्या उसके विवाहित प्रेमी लोकनाथ पटेल निवासी सक्ती ने की थी.

जंगल में नग्न अवस्था में मिला था शव

उल्लेखनीय है कि 12 मई को ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने जंगल में लकड़ी बीनने के दौरान एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, और थाना प्रभारी रामकिंकर यादव एफएसएल (FSL) व डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शासकीय जमीन पर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रखवाया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026, धारा 103(1), 238 (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

गुमशुदगी रिपोर्ट, सीसीटीवी और बाइक नंबर से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को चक्रधरनगर थाने में दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट से अहम सुराग मिला. परिजनों को घटनास्थल से मिले कपड़े और सैंडल दिखाए जाने पर शव की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने मृतिका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मृतिका को मोटरसाइकिल पर ले जाता हुआ दिखाई दिया. बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी लोकनाथ पटेल तक पहुंचने में कामयाब रही और उसे हिरासत में ले लिया.

शादी का दबाव बनी हत्या की वजह

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी लोकनाथ पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि मृतिका के साथ उसका पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था. चूंकि वह पहले से शादीशुदा था, इसलिए आराधना द्वारा शादी के लिए लगातार बनाए जा रहे दबाव से वह परेशान था और उसने हत्या की साजिश रची.

साजिश के तहत 10 मई को वह आराधना को अपनी बाइक पर लेकर सक्ती और दमाऊधारा मंदिर गया. रात में दोनों सक्ती के एक लॉज में फर्जी नाम से रुके. अगले दिन सुबह वह उसे सुनसान जंगल में ले गया, जहां गला दबाकर उसे बेहोश करने के बाद पत्थर और धारदार हथियार से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने के लिए उसने खून साफ किया और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बात भी की.

आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के पास से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं. आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

गिरफ्तार आरोपी: लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), पिता रामप्रसाद पटेल, निवासी ग्राम चारपारा, थाना व जिला सक्ती (छत्तीसगढ़).