May 14, 2026

Blog


मजाक से शुरू हुए विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी- मगरलोड थाना अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र में मजाक-मजाक में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. ग्राम करेलीबड़ी में 12 मई की रात एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 12 मई 2026 की रात लगभग 09:30 बजे की है. प्रार्थी हिमांशु राज साहू (18 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा (21 वर्ष) द्वारा गांव के ही एक अन्य युवक लक्की साहू को अश्लील गालियां दी जा रही थीं. जब हिमांशु ने बीच-बचाव करते हुए गाली देने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया और हिमांशु को ही जान से मारने की धमकी देने लगा.

चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी कृष्णा साहू ने अपने पास रखे धारदार स्टील के चाकू से हिमांशु की हत्या करने की नियत से उसकी पीठ, कमर, कंधे और गले के पास कई वार किए. हमले में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद नवापारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस की त्वरित कार्यवाही

घटना की सूचना मिलते ही करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने सक्रियता दिखाई. अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 296, 109(1), और 351(2) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया. विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चाकू बरामद कर लिया है.

आरोपी जेल दाखिल

चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी कृष्णा साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है. फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है.