October 22, 2026

Blog


IND vs NZ 1st T20: संजू सैमसन की तूफानी फिफ्टी और नमन धीर के ‘विनिंग सिक्स’ से पहला T20 जीता भारत

स्पोर्ट्स- भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर 226 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचे इस मैच में भारत ने 2 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर 226 रन बनाए और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.जवाब में भारत ने दो गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 33 गेंद में आठ चौके और चार छक्के की मदद से 67 रन बनाए. वहीं, अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 29 रन बनाए. अभिषेक और सैमसन ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 93 रन जोड़े. इस धमाकेदार शुरुआत के बाद भारत ने 29 रन बनाने में चार विकेट गंवा दिए थे. 122 रन के स्कोर तक भारत के चार विकेट गिर चुके थे. अभिषेक और सैमसन के बाद तिलक वर्मा छह रन और ईशान किशन एक रन बनाकर आउट हुए थे. फिर कप्तान श्रेयस ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की. दोनों ने 24 गेंद में 45 रन की साझेदारी की. अक्षर 14 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए. फिर श्रेयस ने नमन धीर के साथ 22 गेंद में 43 रन की साझेदारी की. श्रेयस 28 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए.

आखिरी ओवर में आठ रन चाहिए था. मैट हेनरी को गेंद सौंपी गई. नमन ने पहली गेंद पर चौका लगाया. फिर दूसरी गेंद पर एक रन आया. तीसरी गेंद पर नीतीश ने एक रन लिया. चौथी गेंद पर नमन ने छक्का लगाकर मैच जिता दिया. वह 15 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे. सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा.