जुबिन नौटियाल के लाइव कॉन्सर्ट
राजनांदगांव- राजनांदगांव में 15 अक्टूबर 2026 को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर होने वाले भव्य आयोजनों और प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर जिला पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है. राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कई मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसे लेकर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
राजनांदगांव शहर में 15 अक्टूबर 2026 को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर राज्यपाल (छत्तीसगढ़) रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मंत्रीगण के आगमन तथा जुबिन नौटियाल के लाइव कॉन्सर्ट को दृष्टिगत रखते हुए राजनांदगांव पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आगंतुकों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जा रही है.
कार्यक्रम के दौरान संभावित यातायात दबाव एवं प्रवेश द्वारों पर भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी नागरिकों एवं आगंतुकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करें.
प्रमुख दिशा-निर्देश
बेहतर एवं सुविधाजनक प्रवेश के लिए शाम 4:30 से 6:00 बजे तक स्टेडियम पहुँचने का प्रयास करें.
शाम 6:00 से 8:00 बजे के बीच प्रवेश द्वारों पर अधिक भीड़ होने की संभावना है. अतः समय से पहले पहुँचें.
स्टेडियम में प्रवेश हेतु पाँच मुख्य द्वार A, B, C, D एवं E निर्धारित किए गए हैं.
पास पर अंकित प्रवेश द्वार के अनुसार ही संबंधित मुख्य द्वार से प्रवेश करें.
पास के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
समय से पहले पहुँचने की अपील
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर शाम 6:00 से 8:00 बजे के बीच अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है. अतः आगंतुकों से अनुरोध है कि वे सुविधाजनक प्रवेश एवं बेहतर अनुभव के लिए शाम 4:30 से 6:00 बजे के बीच स्टेडियम पहुँचने का प्रयास करें. प्रवेश से पूर्व सुरक्षा जाँच एवं फ्रिस्किंग की जाएगी. इस प्रक्रिया में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए सभी आगंतुक पर्याप्त समय लेकर पहुँचें तथा सुरक्षा कर्मियों को जाँच में सहयोग प्रदान करें.
स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वारों की जानकारी
आगंतुकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में प्रवेश हेतु पाँच मुख्य द्वार निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें क्रमशः Main Gate A, B, C, D एवं E नाम दिया गया है. इन मुख्य द्वारों से आगे पास पर अंकित प्रवेश द्वारों के अनुसार संबंधित गेट से प्रवेश दिया जाएगा. विभिन्न पासों पर Gate 1 से 6 तथा Gallery Gate 2 से 8 तक का उल्लेख किया गया है. आगंतुकों की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वारों की स्थिति निम्नानुसार निर्धारित की गई है:
1. Main Gate A: LIC के सामने.
2. Main Gate B: SBI के सामने.
3. Main Gate C: HDFC के बगल वाली गली.
4. Main Gate D: स्टेडियम के बगल में, हनुमान मंदिर के पास.
5. Main Gate E: गौशाला पिंजरील की ओर प्रवेश हेतु हाईवे वाली सड़क से.
सभी आगंतुक अपने पास पर अंकित प्रवेश द्वार की जानकारी पहले से देख लें तथा उसी के अनुरूप निर्धारित मुख्य द्वार पर पहुँचें. किस मुख्य द्वार से पास पर अंकित संबंधित गेट तक प्रवेश मिलेगा, इसकी जानकारी आयोजन के साथ साझा किए जा रहे प्रवेश मानचित्र में भी दी गई है. कृपया गलत द्वार पर पहुँचने से बचें तथा पुलिस एवं आयोजन प्रबंधन के निर्देशों का पालन करें.
पास के अनुसार निर्धारित पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न श्रेणियों के पास के अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. पार्किंग व्यवस्था एवं स्टेडियम ग्राउंड का मानचित्र इस एडवाइजरी के साथ साझा किया जा रहा है. सभी आगंतुक अपने पास के अनुरूप निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें. अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा न करें तथा ऐसे किसी भी कार्य से बचें जिससे यातायात बाधित हो.
पैदल आने को प्राथमिकता देने की अपील
आयोजन स्थल के नजदीक रहने वाले तथा पैदल आने में सक्षम नागरिकों से अपील है कि वे निजी वाहनों के स्थान पर पैदल आने के विकल्प पर विचार करें. इससे यातायात का दबाव कम करने और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी.
यातायात जाम एवं सुरक्षा संबंधी निर्देश
कॉन्सर्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है. नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अनुशासन बनाए रखें. आगंतुक अपने साथ वैध पास एवं आवश्यक पहचान पत्र रखें. प्रतिबंधित वस्तुएँ, हथियार, धारदार वस्तुएँ एवं अन्य निषिद्ध सामग्री आयोजन स्थल पर न लाएँ. धक्का-मुक्की, अव्यवस्था, अफवाह फैलाने अथवा किसी भी प्रकार की अशांति उत्पन्न करने से बचें. किसी भी प्रकार की अशांति उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
राजनांदगांव पुलिस की अपील
राजनांदगांव पुलिस सभी नागरिकों से अनुरोध करती है कि इस भव्य आयोजन एवं खुशी के अवसर पर अपना नागरिक दायित्व (Civic Sense) बनाए रखें, सार्वजनिक व्यवस्था में सहयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. सभी के सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है.

