गलत हस्ताक्षर वाले चेक देकर की धोखाधड़ी
रायपुर- राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर एक महिला ने दुकानदार का विश्वास जीता और करीब 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी व हीरे के आभूषणों की ठगी कर ली. एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी फरार साथी की तलाश जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रिखब बरडिया निवासी भाठागांव, रायपुर ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सदर बाजार स्थित उसकी विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान में 24.08.2026 को किरण साहू नामक महिला अपनी एक महिला साथी के साथ आई तथा स्वयं को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर विश्वास अर्जित किया. इसके बाद दोनों ने दुकान से लगभग 37 लाख रूपये के आभूषण लिए, जिसके एवज में 250 ग्राम सोने का बिस्कुट एवं 07 लाख रूपये नगद दिए, शेष 15 लाख रूपये के भुगतान हेतु चेक दिया. दिनांक 26.08.2026 को दोनों पुनः दुकान आकर लगभग 1.73 करोड़ रूपये के सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण ले गईं तथा भुगतान के एवज में 1,73,37,630/- रूपये का दूसरा चेक दिया. दोनों ने दो-तीन दिनों में सोने के बिस्कुट देने का आश्वासन दिया. प्रार्थी द्वारा दिनांक 01.09.2026 को 15 लाख रूपये का चेक बैंक में जमा करने पर गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया. इसके बाद संपर्क करने पर किरण साहू टालमटोल करती रही तथा न तो राशि का भुगतान किया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया. इस प्रकार किरण साहू एवं उसकी साथी द्वारा प्रार्थी से कुल 1,88,37,630/- मूल्य के आभूषण प्राप्त कर धोखाधड़ी किए. प्रार्थी की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 402/26 धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर घटना से संबंधित तथ्यों एवं आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई. टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला आरोपी किरण साहू की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया.
पूछताछ के दौरान आरोपी किरण साहू ने अपनी साथी के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे धोखाधड़ी में प्राप्त आभूषणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. वहीं, इस प्रकरण में संलिप्त दूसरी महिला आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
गिरफ्तार महिला आरोपी
किरण साहू पति गोपाल साहू उम्र 28 साल निवासी मजदूर नगर सरोरा थाना उरला, जिला रायपुर.
