मां-बेटे की हत्या और बेटी पर हमला: जादू-टोने का शक बना खौफनाक वजह, 3 गिरफ्तार
राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौथना में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में यह खौफनाक वारदात पारिवारिक विवाद और जादू-टोने के संदेह के चलते अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है.
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी सुखी सोनकर, निवासी ग्राम चौथना द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को अपने घर पहुंचने पर पत्नी कमला सोनकर एवं पुत्र खुमेन्द्र सोनकर को मृत अवस्था में तथा पुत्री ममता सोनकर को गंभीर रूप से घायल पाए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. घायल युवती को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया. रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 606/2026, धारा 332, 109, 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं विवेचना
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई. साइबर सेल राजनांदगांव द्वारा भी विवेचना में सहयोग करते हुए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई.
विवेचना के दौरान घटना के बाद से फरार संदिग्ध हेमंत कुमार सोनकर की पतासाजी कर उसे 12 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में उसके साथ सोनू सोनकर एवं केशर सोनकर की भूमिका सामने आई.
पुलिस विवेचना के अनुसार, वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद एवं परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना का संदेह होना सामने आया. प्रकरण में मुख्य आरोपी द्वारा अपने चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर एवं चाची कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने तथा चचेरी बहन ममता सोनकर को गंभीर रूप से घायल किए जाने के तथ्य सामने आए.
महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद
आरोपियों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया तथा मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की गई. घटना के समय पहने गए कपड़ों एवं टंगिया के लकड़ी के बेंट को जलाकर नष्ट करने के प्रयास से संबंधित अवशेष भी प्राप्त हुए. पुलिस द्वारा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं आरोपियों की भूमिका के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई गई. प्रकरण में साक्ष्य नष्ट करने एवं अन्य आरोपियों के साथ मिलकर योजना बनाने से संबंधित तथ्यों के आधार पर धारा 61(2) एवं 238 बीएनएस भी जोड़ी गई.
गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई
प्रकरण में संलिप्तता एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. इस प्रकरण में थाना डोंगरगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल राजनांदगांव द्वारा समन्वित प्रयास, संदिग्धों की सतत पतासाजी, पूछताछ तथा साक्ष्य संकलन के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की गई.
गिरफ्तार आरोपी
- हेमंत कुमार सोनकर, पिता स्व. बलिराम सोनकर, उम्र 36 वर्ष.
- सोनू सोनकर, पिता स्व. बलिराम सोनकर, उम्र 34 वर्ष.
- केशर सोनकर, पति स्व. बलिराम सोनकर, उम्र 55 वर्ष, सभी निवासी ग्राम चौथना, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़).
