पेड़ के नीचे छुपना पड़ा भारी: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
दुर्ग- जिले के बोरी थाना क्षेत्र (लिटिया चौकी) अंतर्गत ग्राम मोहंदी के पास शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 30 वर्षीय युवक गजराज साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद संजय ठाकुर गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों युवक बारिश से बचने के लिए खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी यह हादसा हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को दुर्ग अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी. इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए. बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया. घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. मानसून की सक्रियता के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है. प्रशासन की ओर से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
मृतक की पहचान 30 वर्षीय गजराज साहू निवासी मोहंदी के रूप में हुई है. वही घायल युवक की पहचान संजय ठाकुर निवासी बुंदेली, जिला राजनांदगांव के रूप में बताई जा रही है. घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
