लूट के मामलों में आरोपियों पर बढ़ाई गई डकैती की धारा, सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़- राहगीरों से गिरोह बनाकर लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है. आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर बाइक बरामद की गई है. प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने पर लूट की धाराओं में आवश्यक संशोधन करते हुए डकैती की धारा 310(2) बीएनएस जोड़ी गई है.
आरोपियों से बरामदगी
कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक जावा मोटरसाइकिल और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है. लूट का पोको मोबाइल आरोपी विमल उरांव से तथा ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई रकम में से बची 1000 रुपये की राशि विधि से संघर्षरत बालक से बरामद की गई. प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर धारा 309(6), 3(5) बीएनएस को विलोपित कर धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपी
- विमल उरांव, पिता रमेश उरांव, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोसमपाली गोदामडिपा, थाना कोतरारोड़.
- रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी, पिता बसंत कुमार महंत, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोसमपाली अटल चौक, थाना कोतरारोड़.
- दुर्गेश चौहान, पिता मेघनाथ चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना कोतरारोड़.
- बिट्टू उर्फ विवेक पटैल, पिता गरजन पटैल, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, थाना कोतरारोड़.
- महावीर पटैल, पिता रामचरण पटैल, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, थाना कोतरारोड़.
- ऋषि चौहान, पिता जनकराम चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना कोतरारोड़.
- विधि से संघर्षरत बालक.
