जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देकर 4 साल तक किया शारीरिक शोषण
राजनांदगांव- सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर पैसे एंठने और पिछले 04 वर्षों से पीड़िता का लगातार शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को थाना छुरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने वन रक्षक पद के लिए आवेदन किया था. आरोपी मोहम्मद सफदर खान ने युवती को वन विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया, उसका प्रवेश पत्र मांगा और पीड़िता के पिता से 43,000 रुपये नकद ऐंठ लिए.
नौकरी दिलाने के बहाने एक दिन जब आरोपी घर में अकेला था, तो उसने पीड़िता को फोन करके बुलाया. पीड़िता के पहुंचते ही आरोपी ने जबरन उसका हाथ खींचकर कमरे में बंद कर लिया और उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद उसने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में अपने माता-पिता को बताया तो वह उसे जान से मार देगा. पहली घटना के बाद आरोपी पीड़िता को लगातार जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करता रहा. पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपी उसके साथ अश्लील गाली-गलौज और मारपीट करता था. वह पीड़िता को अपनी कार में जबरन बिठाकर भी डराता-धमकाता था और शारीरिक संबंध बनाता था.
आरोपी गिरफ्तार
लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और थाना छुरिया में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए छुरिया पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है.
मोहम्मद सफदर खान पिता स्व. इसराइल खान उम्र 48 साल निवासी वार्ड 04 सीताबर्डी पठान पारा थाना छुरिया जिला राजनांदगांव (छ.ग.)
