श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर छत्तीसगढ़ में ‘शुष्क दिवस’ घोषित, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
रायपुर- श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 4 सितंबर को संपूर्ण राज्य में ‘शुष्क दिवस’ घोषित किया है. इस दौरान प्रदेश की सभी मदिरा दुकानें, बार, होटल-बार, क्लबों सहित शराब विक्रय और परोसने वाले सभी लाइसेंसी प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रहेंगे.
सरकार ने इस पावन पर्व को श्रद्धा, सात्विकता और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील की है. इसके साथ ही, शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण और विक्रय को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी व सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
