राजनांदगांव में जन्माष्टमी की धूम: यादव समाज द्वारा 3 सितंबर को बाइक रैली और 4 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
राजनांदगांव- संस्कारधानी राजनांदगांव में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ दो दिनों तक मनाया जाएगा. झेरिया कोसरिया और ठेठवार यादव समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय महाउत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं.
आयोजन के संबंध में महापौर व समाज के संरक्षक मधुसूदन यादव, मन्ना यादव एवं पूनाराम यादव की उपस्थिति में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत रूपरेखा साझा की गई.
महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि समाज के युवाओं ने रिभय यादव के नेतृत्व में जन्माष्टमी उत्सव मनाने की विशेष तैयारी की है. इसमें श्री कृष्ण जन्माष्टमी के एक दिन पूर्व शहर में 3 सितंबर को स्टेट हाई स्कूल मैदान से दोपहर 2:30 बजे भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी जिसमें 1000 युवक-युवतियां व महिलाओं की उपस्थिति रहेगी. श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन 4 सितंबर को नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसका पूरे हर्षोल्लास के साथ नगर भ्रमण होगा.
सामाजिक समरसता एवं एकता का संदेश
पत्रकार वार्ता को यादव समाज के मन्ना यादव ने भी संबोधित किया. इसके पूर्व भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों के संबंध में पूनाराम यादव ने विस्तृत प्रकाश डाला. यादव समाज संरक्षक मधुसूदन यादव ने बताया कि इस भव्य आयोजन में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से दोनों दिनों के लिए विशेष ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है. 3 सितंबर को आयोजित बाइक रैली पुरुष सफेद परिधान और महिलाएँ लाल रंग की साड़ी में शामिल होंगी. वहीं 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्रा में पुरुष पीले कुर्ते तथा महिलाएँ पीले रंग की साड़ी में नज़र आएँगी. उन्होंने बताया कि शहर के 51 वार्डो से यादव समाज के लोगों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएगी जो श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मुख्य उत्सव में शामिल हो कर शोभायात्रा के अंग बनेंगे.
धार्मिकता के साथ लोक संस्कृति की बिखरेगी छटा
प्रेस वार्ता में श्री कृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा में शामिल होने वाले नर्तक दल व धार्मिकता के साथ लोक संस्कृति की बिखरने वाली छटा के संबंध में भोला यादव ने भी विस्तृत प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को साढ़े 12 बजे जय यादव , जय माधव की गूंज के साथ भगवान श्री कृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी.
महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल से राउत नाचा , व विभिन्न आकर्षक लोक नृत्य के साथ निकाली जाने वाली श्री कृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा धूमधाम के साथ नगर भ्रमण करते हुए गुरुद्वारा चौक पहुँचेगी, जहाँ इसका विधिवत समापन होगा. शोभा यात्रा में विशेष कर छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध सुआ नृत्य, गेंड़ी नृत्य, डांडिया नृत्य,बांस गीत प्रमुख आकर्षण के केंद्र होंगे. वहीं वसुदेव बाबा द्वारा बाल श्री कृष्ण को टोकरी में सिरपर रखकर ले जाते हुए दृश्य लोगो को आकर्षित करेगा. इसके अलावा भारत माता, तिरंगा झंडा, छत्तीसगढ़ महतारी,हल कुदाल रापा धरे किसान, सिर में झंउहा धारण किए महिला, सेना के जवान आकर्षक के केंद्र बने रहेंगे. बताया गया कि युवा वर्ग इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए रिभय यादव के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
मानव मंदिर चौक की होगी विशेष साज- सज्जा
बताया गया कि शहर के प्रमुख हृदय स्थल मानव मंदिर चौक की विशेष साज-सज्जा की ज़िम्मेदारी भी युवा टीम को सौंपी गई है. सतीश यादव, करण यादव, मयंक यादव, अपूर्व यादव, अभिषेक यादव, विनीत यादव सहित अन्य युवा साथी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.
आयोजन में मातृशक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है. नगर निगम पार्षद खेमिन राजेश यादव और मनोनीत पार्षद मंजू यादव समाज की युवतियों एवं महिलाओं को प्रेरित कर रही हैं. पूर्व पार्षद शैल यादव, मालती यादव, शोभा यादव, प्रिया यादव, मीना यादव, कुंती यादव, मधु यादव और निशा यादव सहित अन्य महिला पदाधिकारी आयोजन की सफलता के लिए लगातार प्रयासरत हैं. प्रेस वार्ता में उपस्थित सुदेश यादव चिटरु, एमन यादव,वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, गरीबा राम यादव, हरीश यादव, दुर्गेश यादव, सुदेश यादव, महेश यादव, राधेलाल यादव, भोला यादव, विनोद यादव बंटी, शेखर यादव, मनोहर यादव आदि ने समस्त स्वजातीयजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
