CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित: 265 पदों के लिए 608 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट
रायपुर- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है. 20 विभिन्न सेवाओं के कुल 265 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित इस परीक्षा के आधार पर 608 अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार (इंटरव्यू) चरण के लिए किया गया है. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपलोड कर दी गई है. 20 विभिन्न सेवाओं के 265 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा फरवरी में आयोजित की गई थी. प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 3,921 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए थे. मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 से 9 जून तक किया गया था.
बता दें कि मुख्य परीक्षा में सफल 608 अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू की संभावित तारीख 21 सितंबर तय की गई है. इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित इंटरव्यू से एक दिन पहले आयोग के कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा. इस दौरान अभ्यर्थियों के सभी मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा. आयोग के निर्देश के अनुसार अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा.
