भूपेश बघेल के पूर्व पीए के.के. चंद्रवंशी के घर ED का छापा, भिलाई स्थित निवास पर तड़के पहुंची टीम
रायपुर- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए रहे के.के. चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित घर पर और पटवारी कमलेश सिंह राजपूत के घर मंगलवार को सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है. भिलाई में केके चंद्रवंशी के घर ईडी की टीम दो से तीन गाड़ियों में अधिकारियों की टीम पहुंची हुई है. मौके पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, ईडी के करीब 8 अधिकारी तड़के सुबह दो गाड़ियों में सवार होकर के.के. चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई के निवास पर पहुंचे. इसके बाद टीम ने घर के अंदर प्रवेश कर दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की. सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए हैं. फिलहाल ईडी की टीम द्वारा किन मामलों को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल ईडी की टीम केके चंद्रवंशी के निवास पर मौजूद है और जांच जारी है. कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और जांच के दौरान क्या-क्या सामने आया, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
