देर रात सड़क पर उतरे विधायक राम कुमार टोप्पो, खुद खड़े होकर कराया गड्ढों का मरम्मत कार्य
सीतापुर- क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नगर की कई सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो सोमवार रात करीब 9 बजे स्वयं सड़क पर पहुंचे और अपनी मौजूदगी में क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों का मरम्मत कार्य कराया.
विधायक टोप्पो को मौके पर देर रात तक खड़े होकर मरम्मत कार्य की निगरानी करते देख स्थानीय लोगों ने उनके सक्रिय रवैये की सराहना की. विधायक के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा बारिश के दौरान नगर की सड़कों पर बने गड्ढों की लगातार मरम्मत कराई जाती रही है. हालांकि, इस बार लगातार और तेज बारिश के कारण सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है.
विधायक श्री टोप्पो ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बारिश के कारण सड़क पर पानी का लगातार जमाव और सड़क का बेस कमजोर होने से बार-बार गड्ढे बन रहे हैं. इसके अलावा यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से जुड़ा प्रमुख मार्ग है, जहां वाहनों का आवागमन भी काफी अधिक है. उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने तक नगरवासियों से थोड़ा सहयोग और धैर्य रखने की अपील है. बारिश थमने के बाद नगर में स्थायी रूप से नई सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से निजात मिल सके.
