ई-चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पड़ी भारी, CCTV से पकड़ाया, 1,500 का कटा चालान
महासमुंद- यातायात पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है. इसी निगरानी के दौरान शहर के एकता चौक पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 HC-2433 का चालक नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर उसे अस्पष्ट करते हुए कैमरे में कैद हुआ. यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालक का ₹1,500 का ई-चालान काटा. जांच में पाया गया कि इस वाहन का पूर्व में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर भी ई-चालान किया जा चुका था, जिससे बचने के लिए चालक ने जानबूझकर नंबर प्लेट को अस्पष्ट किया था.ने पूर्व में भी वाहन चालक को नंबर प्लेट स्पष्ट और निर्धारित मापदंड के अनुरूप रखने की समझाइश दी थी.
वाहन चालक नियमों का पालन करें- महासमुंद पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने वाहनों में स्पष्ट, सही एवं निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट ही लगाएं. नंबर प्लेट को ढकने, मोड़ने या उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से बचें. इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें. नंबर प्लेट छिपाकर या बदलकर ई-चालान से बचना संभव नहीं है. सीसीटीवी निगरानी में नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

