पुरानी दुश्मनी में युवक पर चाकू से हमला, पकड़ाया चाकूबाज
रायपुर- राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने सूचना मिलने के मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 06:30 बजे प्रार्थी रितेश महिलांग अपने मौसेरे भाई अमन बघेल (28 वर्ष, निवासी ग्राम डुंडा) के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था. उसी दौरान गांव का ही मनोज साहू वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर अमन बघेल के दाहिने कमर के पास चाकू से वार कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना मुजगहन पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज साहू उर्फ गन्नू (25 वर्ष, निवासी ग्राम डुंडा) को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर जब्त कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 219/2026, धारा 109 बीएनएस (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

