नहीं रहे वरिष्ठ पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा
भिलाई- भिलाई नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण मिश्रा का आज निधन हो गया. वे 56 वर्ष के थे. वे पिछले दो साल से अस्वस्थ थे. वे अपने तीन भाईयों में मझले थे. उनके निधन की खबर से भिलाई और आसपास के राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है.
लंबे समय से जनसेवा और स्थानीय राजनीति में सक्रिय श्री मिश्रा पांच बार के पार्षद थे. इस दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को उठाने का काम प्रमुखता से किया. नगर निगम में उनकी पहचान एक मुखर पार्षद की थी.
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, नगर निगम प्रतिनिधियों और शहर के नागरिकों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. उनका अंतिम संस्कार 27 अगस्त को रामनगर मुक्तिधाम में किया जाएगा.

