BSP और भिलाई टाउनशिप के मुद्दे पर कांग्रेस की पदयात्रा, 2 से 5 अगस्त तक
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) और भिलाई टाउनशिप से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा जनआंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है.जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में 2 अगस्त से 5 अगस्त तक ‘भिलाई बचाओ पदयात्रा’ निकाली जाएगी.इस चार दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेगी और भिलाई के विकास एवं बीएसपी के संरक्षण की मांग उठाएगी.
पदयात्रा की शुरुआत 2 अगस्त को सुबह 8 बजे सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर से होगी.पहले दिन यात्रा सेक्टर-9, रिसाली, मरोदा, सेक्टर-5, सेक्टर-6, सुपेला और रामनगर होते हुए मगध तेली भवन पहुंचेगी.
3 अगस्त को पदयात्रा मगध तेली भवन से शुरू होकर सुपेला, गांधी चौक, लिंक रोड, पावर हाउस, नंदिनी रोड, गुरुद्वारा रोड और अग्रसेन रोड होते हुए डबरापारा पहुंचेगी.
4 अगस्त को पदयात्रा डबरापारा से चरोदा, कुम्हारी और अन्य क्षेत्रों से गुजरते हुए टाटीबंध चौक पहुंचेगी.
5 अगस्त को अंतिम चरण की यात्रा टाटीबंध चौक से रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, जयस्तंभ चौक और घड़ी चौक होते हुए लोकभवन (राजभवन) में समाप्त होगी.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि यह पदयात्रा भिलाई के हितों, बीएसपी के संरक्षण और अस्पताल, टाउनशिप एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, रिटेंशन एवं लाइसेंसधारी आवासों को निरस्त करने तथा खाली कराने की कार्यवाही रोकने, बीएसपी कमियों के वेज रिवीजन में विलंब, 39 माह का लंबित एरियर्स, टाउनशिप के आवासों का रखरखाव, स्वच्छ पेयजल की कमी, स्कूल और हॉस्पिटलों की बदहाल स्थिति, ठेका श्रमिकों की बुरी स्थिति तथा स्थानीय जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी.


