जिला अस्पताल में प्रत्येक शुक्रवार को यूडीआईडी पंजीयन शिविर, 45 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन
बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल में दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) पंजीयन शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों सहित सभी पात्र दिव्यांगजनों का पंजीयन कर यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिससे उन्हें भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.
आज आयोजित शिविर में 45 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड के महत्व, आवेदन प्रक्रिया तथा इससे मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी भी प्रदान की.
उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा दिव्यांगजनों के आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाता है तथा पात्र हितग्राहियों का यूडीआईडी पोर्टल पर पंजीयन किया जाता है. आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूर्ण की जाती है. यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए एकीकृत पहचान के रूप में कार्य करता है, जिसके माध्यम से वे राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, उपचार, सहायक उपकरण, पेंशन तथा अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
गौरतलब है कि प्रत्येक शुक्रवार को जिला अस्पताल में शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि जिले के किसी भी पात्र दिव्यांगजन को यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं और शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें.
