अन्य चोरी के मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी

राजनांदगांव- राजनांदगांव पुलिस की साइबर सेल और थाना लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. आरोपी चोरी की गाड़ियों की पहचान छिपाने के लिए उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल कर रहे थे.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शुभम यादव निवासी पेण्ड्री, राजनांदगांव ने 8 जुलाई 2026 को अपनी हीरो स्प्लेंडर (CG 08 AR 1062) मोटर सायकल शेरे पंजाब ढाबा के पास खड़ी करने के बाद चोरी हो जाने की रिपोर्ट थाना लालबाग में दर्ज कराई गई थी. प्रकरण में अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
विवेचना के दौरान साइबर सेल के द्वारा प्राप्त सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर संयुक्त पुलिस टीम ने पेण्ड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा. पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की मोटर सायकल चोरी करना व अपने कब्जे में होना स्वीकार किया तथा पूछताछ के दौरान कुल 6 चोरी की मोटर सायकलों के संबंध में जानकारी दी. जिसमें से 4 मोटर सायकल रायपुर के अलग अलग स्थानों से तथा 1 मोटर सायकल आमगांव जिला गोंदिया महाराष्ट्र राज्य से चोरी करना बताए.
आरोपियों के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 6 मोटर सायकल बरामद की गई. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटर सायकलों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहनों के मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग कर रहे थे. एक आरोपी द्वारा चोरी का वाहन होने की जानकारी होने के बावजूद अपने पास रखना भी पाया गया, जिसके आधार पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं 336(3), 238, 317(2), 3(5) बी एन एस जोड़ी गईं.
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है. प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपीगण –
- पंकज मंडिया पिता भरत लाल उम्र 19 वर्ष, सांवरीटोला थाना रावणवाड़ी जिला गोंदिया (महाराष्ट्र)
- प्रतीक गयगये पिता भोलेलाल उम्र 23 वर्ष, सांवरीटोला थाना रावणवाड़ी जिला गोंदिया (महाराष्ट्र)
- कमलेश नखाते पिता रामचरण उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम लाडसा थाना लांजी जिला बालाघाट मध्यप्रदेश
