एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों से रूबरू हुईं कलेक्टर, विद्यार्थियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयगत समझ एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में चर्चा की.
स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से ही मिलती है सफलता- कलेक्टर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ अध्ययन करने को कहा. उन्होंने सामाजिक विज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की विषयगत समझ का आकलन किया. साथ ही पंचायत व्यवस्था के संबंध में विद्यार्थियों से पूछा तथा उन्हें त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था की भूमिका एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी.
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की नोटबुक का अवलोकन कर उनकी लेखन शैली, अध्ययन की गुणवत्ता एवं शैक्षणिक प्रगति का भी मूल्यांकन किया. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए.
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. गुप्ता, सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
