आमजन की सुविधा को देखते हुए मार्ग पर तेज़ी से चल रहा सुधार कार्य

बलरामपुर- विभिन्न माध्यमों से प्राप्त राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर ग्राम बरियों के समीप निर्माणाधीन सड़क के कारण मुख्य मार्ग पर कीचड़ एवं दलदल की स्थिति बनने संबंधी पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए आमजन की आवागमन सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में संबंधित एसडीओ द्वारा मौके पर जीएसबी का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, ताकि मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके तथा आवागमन में हो रही असुविधा का शीघ्र समाधान हो सके. एसडीओ श्री निखिल लकड़ा ने बताया कि पुल-पुलिया के समीप एप्रोच रोड पर डब्ल्यूएमएम लेयर का कार्य शेष है. लगातार वर्षा के कारण मिट्टी का कार्य कराया जाना संभव नहीं है, जिससे भारी वाहनों के आवागमन के दौरान कुछ स्थानों पर वाहन फंसने की स्थिति निर्मित हो रही है. उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल होते ही मिट्टी हटाकर डब्ल्यूएमएम का कार्य प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है, ताकि मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारू रहे और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. उन्होंने जानकारी दी है कि विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्य किया जा रहा है.
