मुआवजे पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने खत्म किया चक्काजाम

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. बुधवार सुबह मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोटिया में स्कूल बस की चपेट में आने से एक 2 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी. 5 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम की पहचान 2 वर्षीय युवानसी नरेटी के रूप में हुई है. मृतक मासूम का भाई फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ता है. स्कूल बस तक छोड़ने के लिए मासूम भी परिजनों के साथ गई थी. इसी दौरान ड्राइवर ने बस को रिवर्स किया, जिससे मासूम चपेट में आ गई. दो साल की युवानसी नरेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया.
दर्दनाक हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया. घटना के बाद पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई. इसके बाद स्कूल प्रबंधन की प्रतिनिधि भी वहां पहुंची और ग्रामीणों से चर्चा की. मृतिका के परिजनों को पांच लाख रुपए का मुआवजे देने की मांग पर सहमति बनी. उन्होंने 2 महीने में मुआवजे के तौर पर 5 लाख रुपए देने का आश्वासन दिया. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर दो महीने मुआवजा नहीं दिया जाता है तो ग्रामीण स्कूल के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे.
