किन्नर की गला घोंटकर हत्या, सड़क किनारे फेंकी लाश, पुलिस ने शुरू की जांच

बिलासपुर- जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम जोंकी में एक किन्नर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका की पहचान तनु खान किन्नर के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और सनसनी फैल गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने पहले तनु खान किन्नर के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के मकसद से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया.
स्थानीय स्तर पर मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हत्या का आरोप मृतक के ही कुछ साथी किन्नरों पर लगाया जा रहा है. हालांकि, हत्या की असली वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन शामिल था, इसका आधिकारिक खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
