एमरॉन और एक्साइड कंपनी की बैटरी समेत साउंड बॉक्स बरामद

बालोद- जिले के डौण्डी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी गए ट्रैक्टर की दो बैटरियां और एक साउंड बॉक्स बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 18,000 रुपये आंकी गई है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम भर्रीटोला निवासी प्रार्थी ओवेन्द्र कुमार यादव ने थाना डौण्डी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 एवं 26 जून 2026 की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा उनकी तूफान वाहन में लगा साउंड बॉक्स तथा उनके ट्रैक्टर एवं गांव के एक अन्य ट्रैक्टर में लगी बैटरियां चोरी कर ली गई हैं. चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 18,000 थी. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना डौण्डी में अपराध क्रमांक 103/2026 अंतर्गत धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की.
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के पर्यवेक्षण में थाना डौण्डी पुलिस ने जांच तेज की. विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, गवाहों एवं तकनीकी तथ्यों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली. आरोपियों के कब्जे से एमरॉन कंपनी की बैटरी, एक्साइड कंपनी की बैटरी एवं एक साउंड बॉक्स सहित कुल 18,000 मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया. पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
- साहिल उर्फ चीकू रावटे, पिता राजेश रावटे, उम्र 20 वर्ष, निवासी भर्रीटोला, थाना डौण्डी, जिला बालोद.
- इंद्रजीत टेकाम उर्फ लाला टेकाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी जवाहरपारा, डौण्डी, थाना डौण्डी, जिला बालोद.
- करण पिस्दा, पिता विक्रम पिस्दा, उम्र 18 वर्ष 03 माह, निवासी बंधियापारा, डौण्डी, थाना डौण्डी, जिला बालोद.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमा ठाकुर, सउनि दुर्जन लाल रावटे, प्रधान आरक्षक रविन्द्र कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक अरविंद यादव, आरक्षक पुकेश साहू एवं आरक्षक सुमन सिंह देवहारी की सराहनीय भूमिका रही.
