कलेक्टर के निर्देशन में स्कूल एवं छात्रावासों में किया जा रहा स्वास्थ्य परीक्षण

बलरामपुर- छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में स्कूल एवं छात्रावासों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत कन्या एवं बालक छात्रावास चलगली तथा जनकपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. षिविर में चिकित्सकों द्वारा कुल 170 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया.
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया. स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार की जानकारी दी गई.
इस दौरान छात्राओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में बताया गया. इससे संभावित बीमारियों की रोकथाम, एनीमिया एवं कुपोषण की पहचान तथा छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी.
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के छात्रावासों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है जिससे विद्यार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है.
