घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं कलेक्टर

बलरामपुर- जिला मुख्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. संयुक्त जिला कार्यालय के पास गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराया. इस जोरदार टक्कर के कारण घर के भीतर मौजूद एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, मलबे और डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही चार गायों की दर्दनाक मृत्यु हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा. इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी दुर्घटनास्थल पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर विशेष रूप से घायल परिवार की महिला लालमुनि से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की. जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है.
