पुरानी रंजिश में महिला की बेरहमी से हत्या, लाश के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा- जिले के थाना चंदनू क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सोनपुरी में हुए एक अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए जघन्य हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़ा गया कातिल कोई और नहीं, बल्कि मृतिका के ही गांव का रहने वाला उसका परिचित निकला, जिसने पुरानी आपसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था.
जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई से लापता महिला दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में मिला था. शव की हालत देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर फोरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की. आरोपी की तलाश में ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी इस्तेमाल किया गया.
लगातार पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की. आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने महिला के साथ गलत काम करने की कोशिश की थी. विरोध करने पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और अपराध छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं.
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (उम्र 42 वर्ष), पिता शोभा राम सोनवानी, निवासी ग्राम सोनपुरी, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है.
