डीडी नगर पुलिस ने नागपुर के आरोपी को किया गिरफ्तार

रायपुर- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है. इसी क्रम में थाना डी.डी. नगर क्षेत्रांतर्गत रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के परीक्षा अंतर्गत 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की द्वितीय पाली के दौरान एक अभ्यर्थी द्वारा अनुचित साधनों का उपयोग किए जाने का मामला प्रकाश में आया.
परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक द्वारा अभ्यर्थी की गतिविधियाँ संदिग्ध पाए जाने पर विशेष निगरानी रखी गई. सीसीटीवी फुटेज एवं जांच में पाया गया कि अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाया गया मोबाइल फोन उपयोग कर रहा था तथा कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था. बरामद मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों के फोटो प्राप्त हुए, जो परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाते पाए गए.
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया जिनके दिशा निर्देशन में प्रकरण में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 पंजीबद्ध कर धारा 318(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 10(1) लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई.
कार्यवाही के दौरान आरोपी अफताब पिता गुलाम मोहम्मद, उम्र 28 वर्ष, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया.
जब्ती : एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड, संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र
