खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, दो महिलाओं और दो बच्चियों समेत 4 की मौत, एक घायल

भिलाई- दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार दो महिलाओं और दो बच्चियों समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुआ. स्कूटी अमृता निर्मलकर 28 वर्ष चला रही थी. उनके साथ लक्ष्मी निर्मलकर 26 वर्ष और तीन बच्चे यासना उम्र 7 वर्ष, डॉली उम्र 4 वर्ष और भावेश उम्र 8 वर्ष सवार थे. सभी बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकले थे. इनकी स्कूटी (CG 07 DE 5847) हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस हादसमें में अमृत निर्मलकर, लक्ष्मी निर्मलकर, यासना और डॉली की मौत हो गई. वहीं घायल भावेश एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मृतकों की पहचान व मामले की आगे की जांच में जुट गई है.
