सुरक्षित बचपन, सशक्त भविष्य की ओर पहल

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के बच्चों और किशोर-किशोरियों को सुरक्षित, जागरूक बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहा है. इसी कड़ी में आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्राम लोधा एवं शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय कछिया में बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को बताया कि उनका सुरक्षित बचपन उनका अधिकार है. यदि कभी वे किसी असहज या शोषण की स्थिति का सामना करें तो बिना झिझक अपने माता-पिता, शिक्षकों, या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायता लें. इस दौरान बच्चों को गुड टच बैड टच की पहचान की जानकारी दी गई और सही समय पर बिना झिझक के जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, बाल विवाह के बारे में जानकारी दी गई .
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में ऐसे जन जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसके अधिकारों के प्रति सजग बनाते हुए सुरक्षित बचपन और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है.
