महादेव सट्टा : विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर पूर्व CM भूपेश बघेल का तीखा तंज, केंद्र से पूछे 4 सवाल

रायपुर- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया है कि महादेव सट्टा ऐप वास्तव में भाजपा का ही एक “सट्टा प्रकोष्ठ” है, जिसे भाजपा के संरक्षण में सिंडिकेट बनाकर चलाया जा रहा है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं. उन्होंने लिखा कि महादेव सट्टा ऐप केस में गिरफ़्तार किए गए इस शख़्स का नाम आप मीडिया में तैरते हुए देख रहे होंगे लेकिन आपको जो बताया नहीं जा रहा है, वो यह है.
विकास गर्ग भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ का चेयरमैन है और भाजपा के पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग का पुत्र है. वैसे तो 1200 करोड़ रुपए से अधिक के लेनदेन में विकास गर्ग को गिरफ़्तार किया है, साथ ही उसकी 900 करोड़ रुपए से अधिक की प्रॉपर्टी भी ज़ब्त की गई है. लेकिन परदे के पीछे की खबर ये है कि भाजपा के जिन शीर्ष नेताओं के संरक्षण में “महादेव सट्टा एप’ चल रहा है, उन नेताओं और विकास गर्ग के बीच लेनदेन को लेकर मामला बिगड़ गया.
खबर है कि विकास गर्ग “महादेव सट्टा एप’ से हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपए कमाता था. यह सूचना सिंडिकेट के टॉप बॉस के पास पहुंच गई. बंदरबांट में विकास गर्ग के द्वारा किए गए घपले को लेकर टॉप बॉस नाराज़ हो गए और अपनी प्रिय ED को सक्रिय कर दिया और विकास गर्ग दबोच लिया गया. …इसलिए, मैं बार-बार कह रहा हूँ कि “महादेव सट्टा एप’ भाजपा का ही एक “सट्टा प्रकोष्ठ’ है. जो भाजपा के संरक्षण में ही और इन्हीं के द्वारा सिंडिकेट बनाकर चलाया जा रहा है.
हमारी सरकार ने की थी सबसे पहली कार्रवाई
करीब 72 FIR दर्ज हुए.
400 से ज्यादा लोग गिरफ्तार हुए, हजारों बैंक खाते सीज किए गए.
सैकड़ों गैजेट्स, लैपटॉप भी जब्त किए गए और अनेक प्रदेशों में जाकर कार्रवाई की गई.
हमने गूगल को पत्र लिखकर इस एप को प्ले स्टोर से हटाने को कहा और इसके ज़िम्मेदारों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर के लिए गृह मंत्रालय को लिखा. इसी सब कार्रवाई से भाजपा तिलमिला गई और उल्टा हम पर ही आरोप मढ़ दिया, हमारी छवि ख़राब करने की कोशिश की.
https://x.com/bhupeshbaghel/status/2077342643353514428
पूर्व CM ने केंद्र सरकार से पूछे 4 सवाल
- महादेव सट्टा पर भारत सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? क्यों यह एप अब तक चल रहा है? कैसे इस एप के विज्ञापन सोशल मीडिया पर लगातार आ रहे हैं?
- क्यों अभी तक नवनीत सहगल और हिरेन जोशी की जांच नहीं हो रही है?
- ईडी इन दोनों ताकतवर अधिकारियों तक क्यों नहीं अभी तक पहुँची?
- महादेव सट्टा एप के ऑपरेटर जो विदेशों में बैठे हुए हैं, उन्हें “विश्व गुरु” आज तक देश में क्यों नहीं ला पाए हैं?
