चोरी की 21 बाइक के साथ अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार, 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी

रायगढ़ – चक्रधरनगर पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 9 लाख रुपये कीमत की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रायगढ़ सहित कोरबा, सक्ती एवं ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG-11-AM-7998 के प्रकरण की विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मेडिकल कॉलेज रोड पर चोरी की मोटर साइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना चक्रधरनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अनिल मिश्रा एवं अमृत बहादुर बताया. मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने अपने साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर नेहरू गार्डन के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर अनिल मिश्रा के कब्जे से 10, अमृत बहादुर से 2, बोलो निषाद से 5 तथा चंद्रकुमार तिवारी से 4 मोटरसाइकिलें, कुल 21 चोरी की बाइक बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपए आंकी गई है.
आरोपियों में अनिल मिश्रा (38 वर्ष), निवासी मिठ्ठूमूड़ा रायगढ़, बोलो निषाद (38 वर्ष), निवासी बड़े मानिकपुर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, अमृत बहादुर (37 वर्ष), निवासी रैरूंमा, धरमजयगढ़, चंद्रकुमार तिवारी (37 वर्ष), निवासी राधापुर, जिला सक्ती तथा चंदन राय (24 वर्ष), निवासी आईटीआई कॉलोनी, अंबेडकर आवास, रायगढ़ शामिल हैं. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
