डकैती और चोरी के 15 से अधिक मामलों में संलिप्त शातिर

रायपुर- पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में गठित एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त विशेष टीम ने घेराबंदी कर थाना खरोरा के एक शातिर हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से चोरी की 3 दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त 1 पल्सर मोटरसाइकिल सहित कुल 4 वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2,00,000/- रुपये आंकी गई है.
विशेष टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू, जो वाहन चोरी एवं चोरी के एक दर्जन से अधिक प्रकरणों में संलिप्त रहा है, लगातार दोपहिया वाहनों को बदल-बदलकर उपयोग कर रहा है. सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा आरोपी की सतत पतासाजी की गई. इसी दौरान आरोपी को विधानसभा क्षेत्र में टीवीएस ड्रिम योगा मोटरसाइकिल क्रमांक सी जी 04 एम आर 2024 के साथ घेराबंदी कर पकड़ा गया.
टीम द्वारा वाहन के संबंध में पूछताछ किए जाने तथा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगा. संदेह के आधार पर साक्ष्यों के अनुरूप कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त मोटरसाइकिल को उसने अपने भाई के साथ मिलकर थाना पंडरी क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से चोरी किया था.
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने भाई के साथ अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एनटी 7546 से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करता था तथा विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से 02 अन्य दोपहिया वाहन भी चोरी किए थे. आरोपी चोरी की दोपहिया वाहनों की पहचान छिपाने हेतु वाहनों का नंबर प्लेट चेंज कर देते थे.
आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की 03 दोपहिया वाहन तथा घटना में प्रयुक्त 01 दोपहिया वाहन सहित कुल 04 वाहन कीमती लगभग 2,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया.
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है. उसके विरुद्ध थाना खरोरा, विधानसभा सहित विभिन्न थानों में वाहन चोरी एवं चोरी के 15 से अधिक अपराध पूर्व से पंजीबद्ध हैं. इसके अतिरिक्त आरोपी जिला दुर्ग के थाना अण्डा में दर्ज बैंक डकैती के एक प्रकरण में भी जेल निरुद्ध रह चुका है. प्रकरण में आरोपी का भाई भी संलिप्त है, जो वर्तमान में फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही है तथा उसे शीघ्र गिरफ्तार करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
गिरफ्तार आरोपी
अभिषेक राय उर्फ जीतू पिता विजय राय उम्र 26 वर्ष स्थायी निवासी ग्राम अमसेना जैतखंभ के पास थाना खरोरा, जिला रायपुर (छ.ग.). हाल पता – हाऊसिंग बोर्ड कालोनी धनसुली थाना विधानसभा जिला रायपुर (छ.ग.).
