लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर चमकीं यास्तिका भाटिया: छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने दी बधाई, पिता को भेजा बधाई पत्र

रायपुर- भारत की विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में खेलते हुए इतिहास रच दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए कमाल की बैटिंग की. उन्होंने 158 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके निकले.
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने यास्तिका भाटिया द्वारा इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए रचा गया ऐतिहासिक कीर्तिमान भारतीय खेल जगत तथा सम्पूर्ण सिक्ख समाज के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण बताया है. साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, देश का नाम रोशन करने के लिए, महिलाओं का मनोबल ऊंचा करने के लिए पूरी महिला क्रिकेट टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि यास्तिका भाटिया ने अपने अद्भुत कौशल, अनुशासन, संघर्ष और दृढ़ संकल्प के बल पर विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में से एक लॉर्ड्स में इतिहास रचकर करोड़ों भारतीयों का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है. उनकी यह उपलब्धि देश की बेटियों तथा खेल जगत से जुड़े युवाओं के लिए प्रेरणादायी है.
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने यास्तिका भाटिया के माता-पिता हरीश भाटिया एवं गरिमा भाटिया को भी विशेष बधाई देते हुए कहा कि उनकी उत्कृष्ट परवरिश, संस्कार, प्रोत्साहन और समर्पण ने यास्तिका को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. ऐसे माता-पिता पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं.
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, समाज के अन्य प्रमुख सदस्यों नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, मनजीत सिंह भाटिया, देवेंद्र सिंह चावला, जसप्रीत सिंह चावला, इकबाल सिंह होरा, रणजीत सिंह खनूजा, अमृत सिंह सूर, इंदर पाल सिंह गांधी, गुरमीत सिंह छाबड़ा, मानवेंद्र सिंह डडियाला, जागीर सिंह बावा, नरेन्द्र सिंह चावला, त्रिलोचन सिंह होरा, प्रधान सिंह एवं अत्तर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि यास्तिका भाटिया भविष्य में भी भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते हुए देश और सिक्ख समाज का नाम विश्वभर में गौरवान्वित करती रहेंगी.
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने अकाल पुरख वाहेगुरु से अरदास की है कि यास्तिका भाटिया को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा निरंतर सफलता प्रदान करें, ताकि वे आने वाले वर्षों में भी भारतीय क्रिकेट में नए कीर्तिमान स्थापित करती रहें.
