मदनवाड़ा-कोरकोट्टी नक्सली हमले के 29 शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, परिवारों का हुआ सम्मान

राजनांदगांव- कोरकोट्टी नक्सली हमले में 12 जुलाई 2009 को शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की पुण्यतिथि पर रविवार को जिला पुलिस ने श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया. रक्षित केंद्र स्थित शहीद स्मारक में पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया और शहीदों के अदम्य साहस व सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया.
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहीद परिवारों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया. उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव पुलिस और समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा.
शहीदों की स्मृति में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 21 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया. कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
समारोह में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी किरण चौधरी, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रसेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया.
