टी-20 महिला वर्ल्ड कप 2026: आज नीदरलैंड से भिड़ेगा भारत, दूसरी जीत पर नजर
ईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 में आज भारतीय महिला टीम का मुकाबला नीदरलैंड से होगा. यह मैच आज इंग्लैंड के हेडिंग्ले, लीड्स में खेला जाएगा. भारत टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा.
भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी. उस मैच में दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में भारत ने जीत तो दर्ज की, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह प्रभावी नहीं दिखी. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और निचले क्रम में ऋचा घोष ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को संभाला, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित योगदान नहीं दे सके. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और मध्यक्रम की बल्लेबाज भारती फुलमाली बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहीं. ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला भारतीय बल्लेबाजों के लिए लय हासिल करने का अच्छा अवसर होगा.
गेंदबाजों ने दिखाई थी दमदार फॉर्म
पहले मैच में भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था. दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की जोड़ी ने मिलकर आठ विकेट झटके थे. दीप्ति ने पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी. श्री चरणी भी अपनी फ्लाइट और विविधता से बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर रही हैं. हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं. दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में शुरुआती विकेट निकालकर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगी.
संभावित प्लेइंग-11
भारत
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़.
नीदरलैंड
स्टेरे कालिस, सान्या खुराना, फीबे मोल्केनबोयर, बाबेट डी लीडे (कप्तान एवं विकेटकीपर), रोबिन रिज्के, आइरिस ज्विलिंग, हीदर सीगर्स, फ्रेडरिक ओवरडाइक, कैरोलिन डी लांगे, सिल्वर सीगर्स, इसाबेल वोनिंग.
