मुख्य आरोपियों सहित लूटे गए जेवर खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी गिरफ्तार
सक्ती- जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदुरस गांव में हुए पति-पत्नी हत्याकांड और लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. इस दोहरे हत्याकांड में शामिल दो मुख्य आरोपियों सहित लूटे गए जेवर खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए आरोपी वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में भी शामिल थे.
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात ग्राम सेंदुरस में अपने घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे की लोहे की रॉड से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद आरोपी घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा के नेतृत्व में साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया था.
मोबाइल लोकेशन से दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मुख्य आरोपी देवकुमार यादव को ट्रैक किया, जिसके पास से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पंडरीपानी गांव के ही अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया.
दोहरी हत्या की वजह बनी मामूली विवाद
आरोपियों ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात को लेकर उनका मृतक पुरुषोत्तम से विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने रात के वक्त स्केल पट्टी से दरवाजा खोला और घर में दाखिल हुए. उन्होंने बरामदे में सो रहे दंपती के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
हत्या में प्रयुक्त हथियार और लूटा गया माल बरामद
पुलिस ने आरोपी रूपचरण के घर से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपए नकद बरामद किए. वहीं, जांच में पता चला कि आरोपियों ने लूटे गए आभूषण जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपए में बेच दिए थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स बाबूलाल साहू को भी दबोच लिया. आरोपियों के पास से कुल मिलाकर 9 ग्राम सोने के आभूषण, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई है.
मुक्ता गांव डबल मर्डर केस भी खुला
पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जून 2024 में मुक्ता गांव में रहने वाले मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की हत्या भी उन्हीं दोनों ने की थी. उस वक्त भी उन्होंने पुराने विवाद के चलते घर में घुसकर लकड़ी से हमला कर दंपती की हत्या की थी और जेवर लूट लिए थे.
