राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
महेवा में शासकीय भूमि में की गई सीमांकन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई
बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के मामलों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम महेवा स्थित खसरा क्रमांक 2 की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने संबंधी प्राप्त शिकायत पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई है. प्राप्त शिकायत को समय-सीमा के अंतर्गत दर्ज करते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित सरपंच को छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. मामले में प्राप्त जवाब एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
वाड्रफनगर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) नीर निधि नंदेहा के नेतृत्व में तहसीलदार रघुनाथनगर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम महेवा पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान संबंधित शासकीय भूमि का सत्यापन करते हुए आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखकर भूमि पर लाल झंडी लगाकर सीमांकन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई की गई, ताकि भूमि पर किसी प्रकार का नया अतिक्रमण अथवा अवैध कृषि गतिविधि न हो सके.
अनुविभागीय अधिकारी (रा.) नीर निधि नंदेहा ने बताया कि प्रकरण की जांच प्रक्रिया प्रगति पर है तथा जांच पूर्ण होने के बाद उपलब्ध तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध अतिक्रमण के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने आमजन से भी शासकीय संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है.
