2 मुख्य आरोपियों सहित 2 नाबालिगों को दबोचा
राजनांदगांव- जिले के थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत मोहारा नदी के पास एक्सीडेंट का बहाना बनाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में दो बालिग और दो विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पमेश ठाकुर पिता चुन्नू ठाकुर उम्र 24 वर्ष ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथियों के साथ मोहारा ऑक्सीजोन घूमने गया था. दिनांक 08.06.2026 को शाम लगभग 04:30 बजे सभी अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान मोहारा नदी स्थित पानी टंकी के पास सामने से आ रहे मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए.
दुर्घटना के बाद आरोपी राहुल राजपूत उर्फ गुर्जर एवं शरद यादव उर्फ दादू यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी एवं उसके साथियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की. आरोपियों ने धारदार चाकू दिखाकर उन्हें भयभीत किया तथा जबरन उनके 02 मोबाइल फोन छीन लिए एवं फोन-पे के माध्यम से 3,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए.
रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 271/2026 धारा 281, 296, 115(2), 351(2), 309(3), 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई. महज 03 घंटे के भीतर घेराबंदी कर आरोपी राहुल राजपूत उर्फ गुर्जर एवं शरद यादव उर्फ दादू यादव को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया.
आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 02 मोबाइल फोन, नगदी 2,500 रुपये, घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई. आरोपियों एवं विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया.
आरोपी का विवरण
- 1. राहुल राजपूत उर्फ गुर्जर, पिता गोविंद राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी क्लब चौक, बसंतपुर.
- 2. शरद यादव उर्फ दादू यादव, पिता अशोक यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी बाजार चौक, बसंतपुर.
अन्य 02 विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक.
