ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी, मौके पर मौत
कोंडागांव- जिले के उरंदाबेड़ा थाना परिसर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहाँ सोमवार को ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक (कॉन्स्टेबल) ने अपनी सर्विस राइफल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे साथी कर्मचारियों ने उन्हें लहूलुहान हालत में पाया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी. घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक का नाम जोगेंद्र नेताम था. वह 5वीं बटालियन जगदलपुर की ‘ई कंपनी’ में पदस्थ थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी उरंदाबेड़ा थाने में लगाई गई थी. सोमवार सुबह लगभग 11:50 से 12:00 बजे के बीच, जब वे थाना मोर्चा पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे, तभी उन्होंने अपने इश्यूशुदा (सर्विस) हथियार से खुद पर गोली चला दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया (शुरुआती तौर पर) यह मामला पारिवारिक कारणों या घरेलू तनाव से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक और सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर विस्तृत जांच कर रही है.
