फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर 15 लाख में जमीन बेचने की साजिश नाकाम
बालोद- फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर कृषि भूमि की बिक्री करने के मामले में बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी डमेन्द्र कुमार गंजीर निवासी ग्राम लाटाबोड़, जिला बालोद के नाम पर ग्राम लाटाबोड़ स्थित खसरा नंबर 355/1 एवं 239/2 की कुल 1 एकड़ 60 डिसमिल कृषि भूमि दर्ज है. उक्त भूमि की ऋण पुस्तिका क्रमांक पी-4088086 तहसील कार्यालय बालोद द्वारा जारी की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, लाटाबोड़ गांव में रहने वाले डोमेंद्र कुमार के नाम पर 1 एकड़ 60 डिसमिल जमीन दर्ज है, लेकिन नरेंद्र बहादुर सोनी और हरिशंकर गजभिए ने मिलकर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर ली. इतना ही नहीं फर्जी कागजात के दम पर दोनों आरोपियों ने इस जमीन का सौदा कमला वर्मा से 15 लाख रुपये में तय कर दिया. सौदा पक्का करने के नाम पर आरोपियों ने कमला वर्मा से 1,50,000 रुपये एडवांस भी ले लिए. कुछ समय बाद जब कमला वर्मा को कागजातों और सौदे पर शक हुआ, तो उन्होंने इसकी बारीकी से जांच की. जांच में पता चला कि ऋण पुस्तिका पूरी तरह फर्जी है और जमीन का असली मालिक डोमेंद्र कुमार है, जिसे इस सौदे के बारे में कुछ पता ही नहीं है. भनक लगते ही मामले की शिकायत पुलिस में की गई.
मामले की शिकायत मिलते ही बालोद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपियों में से एक नरेंद्र बहादुर सोनी पिता चंद्रबहादुर सोनी (40) निवासी ग्राम खैरतराई को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है. वहीं इस मामले का दूसरा आरोपी हरिशंकर गजभिए पिता सुकलाल गजभिए फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है और फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. आरोपी के कब्जे से घटना में उपयोग किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.
