पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पति ने भाई संग मिलकर दूसरे पति पर किया जानलेवा हमला, दोनों गिरफ्तार
राजनांदगांव- पत्नी की दूसरी शादी से नाराज होकर उसके दूसरे पति पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को चौकी चिखली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों के कब्जे से एक कटारनुमा चाकू और बांस का डंडा भी बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 3 जून 2026 को चौकी चिखली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी की पहचान सोनू साहू से उस समय हुई थी जब सोनू जेल में था. बाद में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और आपसी सहमति से विवाह कर लिया. जेल से रिहा होने के बाद सोनू साहू अपनी पत्नी की दूसरी शादी से नाराज था और इसी कारण वह प्रार्थी से रंजिश रखता था.
पुलिस के मुताबिक, 2 जून 2026 को आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप साहू ने अपने भाई राजा उर्फ सूरज साहू के साथ मिलकर प्रार्थी को बातचीत के बहाने घर बुलाया. वहां दोनों ने जान से मारने की नीयत से डंडे और धारदार कटारनुमा चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया.
मामले में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
चौकी चिखली पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ सूरज साहू को चिखली से तथा आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप साहू को दुर्ग से हिरासत में लिया. पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया. इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
- राजा उर्फ सुरज साहू पिता स्व. टिबलू उम्र 37 साल साकिन वार्ड नं. 05 चिखली पुलिस चौकी चिखली जिला राजनांदगांव छ.ग.
- सोनू साहू उर्फ प्रदीप साहू पिता स्व. टिबलू साहू उम्र 36 साल साकिन वार्ड नं. 05 चिखली पुलिस चौकी चिखली जिला राजनांदगांव छ.ग.
