छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव 2026 के परिणाम घोषित
रायपुर- छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में जारी मतगणना के बीच कई सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं. छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय और वार्ड पार्षद उपचुनावों के नतीजों के बाद भाजपा और कांग्रेस खेमे में भारी उत्साह है. प्रदेशभर में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच समेत कुल 1310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया था. कांग्रेस पार्टी ने पलारी नगर पंचायत (बालोद जिला) और घुमका नगर पंचायत (राजनांदगांव जिला) में जीत दर्ज की है. इसके साथ ही प्रदेश के कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए वार्ड पार्षद उपचुनावों में भी कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है. पार्टी ने नगर निगम जगदलपुर, नगर निगम बिलासपुर के अलावा नगर पंचायत चारामा, नगर पंचायत पखांजूर और नगर पंचायत फरसगांव के वार्डों में भी जीत हासिल की है.
सहसपुर लोहारा में भाजपा की सरिता मिश्रा विजयी
कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में केवल अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया था. यहां भाजपा की महिला प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 वोटों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.
घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा की जीत
राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने अध्यक्ष पद का चुनाव 85 मतों से जीत लिया. वहींं, 11 वार्डों में भाजपा, 3 वार्डों में कांग्रेस और 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की.
बम्हनीडीह नगर पंचायत में BJP का दबदबा
जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. वार्ड परिणामों में भी भाजपा का दबदबा देखने को मिला. वहींं, 11 वार्डों में भाजपा, 3 वार्डों में कांग्रेस और 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की.
शिवानंदनपुर में BJP समर्थित अध्यक्ष निर्वाचित
सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में BJP के प्रत्याशी रितेश जायसवाल अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में सफल रहे. वार्ड चुनावों में यहां भी मुकाबला कांटे का रहा. कुल 15 वार्डों में से 8 वार्डों में कांग्रेस और 7 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए.
पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत
बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है. इसके साथ ही कांग्रेस ने इस नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. वार्ड चुनाव परिणामों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली है. यहां 9 वार्डों में कांग्रेस, 5 वार्डों में भाजपा के प्रत्याशी विजयी हुए हैं, जबकि 1 वार्ड में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिले हैं. इस वार्ड के विजेता का फैसला अब टॉस के जरिए किया जाएगा.
कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का भरोसा: भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस जीत को कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताया है. उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों और जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परिणाम छत्तीसगढ़ की जनता के कांग्रेस के प्रति अटूट भरोसे को दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि यह परिणाम इस बात का प्रमाण है कि विज्ञापनों का “सुशासन” जनता के विवेक के सामने नहीं टिक सकता. जीत हक़ीक़त की ही होती है. इस शानदार जीत पर हमारे प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जी सहित सभी कार्यकर्ता साथियों को भी बधाई. लड़ेंगे-जीतेंगे.
