दर्दनाक हादसा : मोबाइल बैटरी फटने से एक साल के मासूम की मौत
सूरजपुर- जिला के प्रेमनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम ब्रह्मपुर में मोबाइल की खराब बैटरी फटने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई. खेलते समय हुए इस हादसे में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था. उपचार के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई.
जानकारी के अनुसार, ग्राम ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान बच्चों के पास पड़ी एक पुरानी मोबाइल बैटरी अचानक फट गई. विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य के चेहरे, सीने, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए. बच्चे की मां धमाके की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची तो आदित्य गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जबकि अन्य बच्चे वहां से भाग गए थे.
रात में काम से लौटने पर पिता महेंद्र सिंह नेताम को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने बच्चे को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया.
परिजन 1 जून को बच्चे को लेकर अंबिकापुर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान मंगलवार तड़के करीब चार बजे उसकी मौत हो गई. परिजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बच्चों के पास मोबाइल बैटरी कहां से आई थी. आशंका जताई जा रही है कि बैटरी पहले से फूली हुई या खराब स्थिति में थी, जो खेलते समय विस्फोट का कारण बनी.
