पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची साजिश
कांकेर- कांकेर पुलिस ने लगभग एक वर्ष पुराने चर्चित ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, थाना बांदे क्षेत्र में 24 मई 2025 को मुकेश विश्वास का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण विद्युत करंट लगना पाया गया था, लेकिन प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मामला लंबे समय तक रहस्य बना रहा.
अवैध संबंध और तलाक के डर से रची साजिश
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास और इंद्रजीत दास के बीच अवैध संबंध थे. दोनों के संबंधों के कारण परिवार में विवाद की स्थिति बन रही थी और तलाक की आशंका भी थी. इसी वजह से मुकेश विश्वास को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
पुलिस जांच में पता चला कि योजना के तहत मुकेश विश्वास को बहाने से खेत में बुलाया गया. वहां उसे अत्यधिक शराब पिलाई गई और बेहोशी की हालत में विद्युत तार के माध्यम से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
वैज्ञानिक और साइबर जांच से खुला राज
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम ने मामले की गहन पड़ताल की. लगातार तकनीकी निगरानी, साइबर जांच, वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त विद्युत तार, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद कर ली. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
